सेक्टर-62, बॉटेनिकल गार्डन और एक्सटेंशन विस्तार में आएगी नजर
नोएडा। सिटी सेंटर से एनएच-24, बॉटेनिकल गार्डन से जनकपुरी और द्वारिका से नोएडा एक्सटेंशन के बीच दौड़ने वाली मेट्रो ट्रेन आठ कोच की होगी। प्राधिकरण के प्रस्ताव को डीएमआरसी ने हरी झंडी दिखाते हुए डीपीआर में इसे शामिल कर लिया है। मास्टर प्लान 2031 की आबादी को ध्यान में रखकर मेट्रो विस्तार में आठ कोच की मांग हुई है।
नोएडा में दौड़ने वाली मेट्रो में छह की जगह आठ डिब्बे लगाए जाएंगे। शहर की बढ़ती आबादी और लोगों को आरामदायक यात्रा की सुविधा देने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। नोएडा ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम को इस संबंध में पत्र लिखकर मांग की। प्राधिकरण का कहना है कि मास्टर प्लान 2031 में शहर की आबादी करीब 25 लाख के पार हो जाएगी। ऐसे में अभी से आठ कोच वाले प्रस्ताव पर काम किया जाए तो सुविधा मिल जाएगी। इस बिंदु पर काम करते हुए डीएमआरसी ने आठ कोच वाली मेट्रो का नोएडा विस्तार में शामिल करने की अनुमति दे दी है।
प्राधिकरण की मांग पर डीएमआरसी ने सेक्टर-32 से एनएच-24, बॉटेनिकल गार्डन और नोएडा एक्सटेंशन विस्तार की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट में आठ कोच वाली मेट्रो को शामिल कर लिया है। मालूम हो कि आने वाले मंगलवार को डीएमआरसी नोएडा एक्सटेंशन की सर्वे रिपोर्ट प्राधिकरण को सौंप देगा। साथ ही दोनों डीपीआर पर भी आगे की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।
ट्रैफिक कम करने का आसान तरीका
मेट्रो को शहर की लाइफ लाइन बनाना है। शहर की सड़कों से ट्रैफिक को हटाने का सबसे आसान और सुविधाजनक तरीका है। लोगों को सुरक्षित यात्रा मिल सके, इसलिए मेट्रो को और बेहतर ढंग से तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत आठ कोच वाली मेट्रो का प्रस्ताव तैयार किया गया।
-संजीव सरन, सीईओ, नोएडा।
बढ़ते यात्रियों को देखकर उठाई गई मांग
शहर की बढ़ती हुई आबादी और मेट्रो में बढ़ती यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए आठ कोच वाली मेट्रो की मांग रखी गई है। डीएमआरसी इस रूट पर भी आठ कोच वाली मेट्रो चलाने पर राजी है। -मनोज राय, ओएसडी नोएडा।
प्राधिकरण ने डीएमआरसी को भेजा प्रस्ताव डीपीआर में किया शामिल
मास्टर प्लान-2031 की आबादी को ध्यान में रखकर किया गया निर्णय Source>>>

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
